Badminton

इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन : खिताब जीतकर किदांबी श्रीकांत ने रचा इतिहास

भारत के किदांबी श्रीकांत ने इंडोनेशिया ओपन जीत लिया है. श्रीकांत ने फाइनल मुकाबले में जापान के काजुमोसा सकाई को सीधे गेम में 21-11 21-19 से मात देकर खिताब अपने नाम किया. इस जीत के साथ ही श्रीकांत इस टूर्नामेंट को जीतने वाले भारत के पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं.
फाइनल मुकाबले में श्रीकांत सकाई पर पहले गेम से ही दबाव बनाए रखा. पहले गेम में विश्व नंबर 22 श्रीकांत ने चतुराई के साथ खेलते हुए सकाई को गलतियां करने पर मजबूर किया और बड़ी आसानी से पहले गेम 21-11 से जीत लिया.
सकाई ने एक समय पर अच्छी टक्कर देते हुए श्रीकांत के स्कोर की 8-9 से बराबरी करने की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद लगातार चार अंक अपनी झोली में डाले. इस बीच, सकाई एक अंक हासिल कर पाए, लेकिन श्रीकांत ने छह अंक हासिल करते हुए स्कोर 19-9 कर दिया और बढ़त को कायम रखते हुए 21-11 से पहला गेम जीता.
दूसरे गेम में सकाई ने श्रीकांत का तगड़ी टक्कर दी. दूसरे गेम में अधिकांश वक्त तक सकाई, श्रीकांत से आगे रहे. एक समय वो 12-6 से आगे थे. ऐसा लग रहा था कि सकाई दूसरा गेम जीत कर खेल को तीसरे गेम तक ले जाने में कामयाब होंगे लेकिन ऐसा हुआ नहीं.
श्रीकांत ने लगातार चार अंक हासिल किए और स्कोर 12-10 किया. यहां से श्रीकांत ने गेम में वापसी की और साकाई के साथ 19-19 से बराबरी की. इस मौके पर भारतीय खिलाड़ी ने बिना कोई चूक किए दो अंक हासिल किए और 21-19 से दूसरे गेम को अपने नाम करने के साथ ही खिताब पर कब्जा जमाया. उन्होंने जोरदार खेल दिखाते हुए पहले मैच पॉइंट पर ही फाइनल को जीत लिया.
इससे पहले श्रीकांत ने सेमीफाइनल में दुनिया के नंबर वन शटलर, साउथ कोरिया के सोन वान को कड़े मुकाबले में 21-15,14-21, 24-22 से मात दी थी. वहीं सकाई भारत के ही एचएस प्रणॉय को हराकर फाइनल में पहुंचे थे. उन्होंने टूर्नामेंट के दूसरे दौर में नौंवीं विश्व वरीयता प्राप्त डेनमार्क के बैडमिंटन खिलाड़ी यैन ओ योर्गेंसन को मात देकर क्वार्टर फाइनल में कदम रखा था.
Via FirstPost

About Unknown

0 comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.